कूनो नेशनल पार्क में नामीबिया से लाए गए आठ चीतों में से दो चीतों को शनिवार 5 नवंबर को बड़े बाड़े में शिफ्ट किया गया है। अब चीते यहां खुद अपना शिकार करेंगे। अभी तक चीतों को छोटे बाड़ों में क्वारेंटाइन रखा गया था, लेकिन 5 नवंबर को क्वारेंटाइन खत्म होने के बाद दो चीतों को बड़े बाड़े में छोड़ा गया है। बड़े बाड़े में ही शिकार के लिए हिरण, सांभर, नीलगाय और जंगली सुअर जैसे वन्यजीव हैं, जिनका चीते शिकार करेंगे। पीएम मोदी ने अपने जन्मदिन के मौके पर 17 सितंबर को कूनो नेशनल पार्क में छोड़ा था। पार्क में चीतों के लिए 600 हेक्टेयर में अलग-अलग कंपार्टमेंट बनाए गए हैं। अब चीते यहां खुद को प्रदेश के वातावारण के हिसाब से ढालेंगे। चीतों को करीब पांच से छह महीने तक इन्हीं बाड़ों में रखा जाएगा, जब वे शिकार करने में परिपक्व हो जाएंगे तो फिर उन्हें जंगल में छोड़ा जाएगा। चीतों के गले में रेडियो कॉलर लगा है, जिससे विभाग को उनकी चार बार लोकेशन मिलेगी।