भिंड में थाने के बाहर खून से लथपथ घायल युवक तड़पता रहा। वहां ड्यूटी पर मौजूद एसआई रविंद्र सिंह मांझी पर आरोप है कि उसने सबसे पहले घायल युवक के भाई से अपनी कार धुलवाई। एसआई ने कहा कि पहले कार साफ करो, इसके बाद रिपोर्ट लिखी जाएगी।
मामला दबोह थाना क्षेत्र के बरथरा गांव में मंगलवार का है। यहां खेत में मकान निर्माण को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ था। इसमें रामू और श्यामू परिहार नाम के दो भाइयों के साथ मारपीट की गई थी। हमले में श्यामू के सिर में गंभीर चोटें आई थीं। सुबह दोनों भाई शिकायत दर्ज करने थाने पहुंचे थे। इसका वीडियो सामने आया। मामला सामने आने के बाद भिंड एसपी असित यादव ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। दबोह थाना प्रभारी राजेश शर्मा ने बताया कि वीडियो की पुष्टि हो गई है। जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें- नाबालिग प्रेमी युगल ने कुएं में की आत्महत्या, लड़के को मिलने बुलाया तभी पहुंच गए थे लड़की के पिता
बताया जा रहा है कि ड्यूटी पर मौजूद सब इंस्पेक्टर रविंद्र सिंह मांझी ने रामू की शिकायत नहीं सुनी। एसआई ने खुद ही उसे बाल्टी, पानी और कपड़ा लाकर दिया और कहा कि पहले कार साफ करो। वहां मौजूद लोगों ने इसका वीडियो बना लिया। वीडियो में देखा जा सकता है कि फरियादी थाने में पुलिस की गाड़ी साफ कर रहा है, जबकि उसका भाई घायल हालत में पास में बैठा है।
बता दें कि कुछ दिन पहले भी दबोह थाने में शराब दुकान से जुड़े एक मामले में भी बवाल हुआ था। आरोप था कि एक एएसआई और नगर रक्षा समिति के सदस्य ने शराब दुकान के कर्मचारी से गाली गलौज की थी और फर्जी केस में फंसाने की धमकी दी थी। इस मामले में भी एसपी ने जांच के आदेश दिए थे।