विकासनगर के बटहा गांव में 12 अगस्त की रात मामूली कहासुनी के बाद जूस का ठेला लगाने वाले दो भाइयों पर युवक के सिर पर जूस मशीन की रॉड से हमला करने का आरोप लगा है। बटहा निवासी छोटू रावत के सिर में गंभीर चोट आई और वह लहूलुहान होकर गिर पड़े। परिजनों ने उन्हें महानगर सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। छोटू के मुताबिक, रात करीब 10 बजे वह घर जा रहे थे। रास्ते में किराये पर रहने वाले दो भाई जूस का ठेला लेकर जा रहे थे। ठेला किनारे करने को कहने पर विवाद हो गया। आरोप है कि एक भाई ने उन्हें पकड़ लिया और दूसरे ने रॉड से सिर पर वार कर दिया। परिजनों ने 112 पर सूचना दी और रॉड भी बरामद कर ली। पत्नी रीमा रावत ने पुलिस पर तहरीर बदलवाने का दबाव बनाने का आरोप लगाया। थाना प्रभारी आलोक कुमार सिंह ने आरोप से इनकार करते हुए बताया कि मेडिकल कराया गया है और प्राथमिकी दर्ज की जा रही है।