लाला लाजपत राय वार्ड के अंतर्गत जानकीपुरम सेक्टर-सी स्थित केदारेश्वर मंदिर पार्क में खुले में रखे विद्युत ट्रांसफार्मर को लेकर स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई है। पार्क की बाउंड्री से सटाकर लगाए गए ट्रांसफार्मर के चारों ओर न तो सुरक्षा जाली लगाई गई है और न ही कोई पर्याप्त घेराबंदी की गई है, जिससे हादसे की आशंका बनी हुई है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि पार्क में प्रतिदिन बड़ी संख्या में बच्चे खेलने आते हैं, लेकिन खुले ट्रांसफार्मर के कारण अभिभावक उन्हें पार्क में भेजने से डरते हैं। लोगों का कहना है कि यदि कोई बच्चा या राहगीर ट्रांसफार्मर के संपर्क में आ गया तो बड़ा हादसा हो सकता है। बरसात के मौसम में यह खतरा और अधिक बढ़ जाता है। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि उन्होंने कई बार विद्युत विभाग के अधिकारियों से ट्रांसफार्मर के चारों ओर सुरक्षा जाली लगाने और उचित घेराबंदी कराने की मांग की, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। स्थानीय लोगों ने विद्युत विभाग से जल्द सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।