उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में सरकार द्वारा 10 रुपये प्रति लीटर की दर से गोमूत्र खरीदने के पायलट प्रोजेक्ट के विरोध में समाजवादी पार्टी (सपा) के कार्यकर्ताओं ने लखनऊ के हजरतगंज चौराहे पर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ता हाथों में गोमूत्र की बोतलें, पोस्टर और बैनर लेकर पहुंचे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार की योजना पर सवाल उठाते हुए विभिन्न पोस्टर और तख्तियां प्रदर्शित कीं। इनमें ‘10 रुपये लीटर गोमूत्र टैंकरों में बेचना है’ और ‘योगी जी गोमूत्र की दुकानें कहां हैं’ जैसे नारे लिखे थे। कार्यकर्ताओं ने सरकार से इस पायलट प्रोजेक्ट को लेकर अपना रुख स्पष्ट करने की मांग की। हजरतगंज चौराहे पर प्रदर्शन की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने का प्रयास किया। पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे सपा कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। इसके बाद उन्हें बसों में बैठाकर इको गार्डन भेज दिया गया। प्रदर्शन के दौरान हजरतगंज चौराहे पर कुछ देर के लिए राजनीतिक गतिविधियां तेज रहीं। सपा कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए योजना का विरोध जताया। वहीं, पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को मौके से हटाकर स्थिति को नियंत्रित किया।