स्मार्ट प्रीपेड मीटर से बिजली का उपभोग करने पर उपभोक्ताओं को सात तरह के फायदे हैं। न तो फर्जी रीडिंग का बिल बनने का झंझट और न ही कार्यालय में भटकने की जरूरत। लखनऊ मध्य जोन के अधीक्षण अभियंता (वाणिज्य) मुकेश कुमार त्यागी ने यह दावा प्रेसवार्ता में किया। 1912 कॉल सेंटर हुसैनगंज पर शनिवार को अधीक्षण अभियंता ने पत्रकारों को बताया कि स्मार्ट मीटर को लेकर वह लोग नियोजित तरीके से तमाम तरह के भ्रम फैला रहे, जो समय पर बिल का भुगतान नहीं करते हैं। त्यागी ने स्मार्ट प्रीपेड मीटर के सात फायदे गिनाते हुए कहा कि जो उपभोक्ता यूपीपीसीएल स्मार्ट एप को डाउनलोड कर लेगा उसको इस सिस्टम से कोई परेशानी नहीं होगी। इस एप के जरिए उपभोक्ता रोजाना जलने वाली बिजली की निगरानी करके अपने बिल को घटा सकता है। अनावश्यक बिजली के उपकरणों का उपभोग करने से बिल बढ़ेगा, जिससे रिचार्ज जल्दी खत्म होगा।