फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सब्जी मंडी की दुकानें हटाने पहुंची टीम, जेसीबी के आगे लेटीं महिलाएं

नीरज नरवरिया Updated Tue, 11 Aug 2026 10:50 PM IST

अमर उजाला ब्यूरो झांसी। सीपरी बाजार में शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के निर्माण के लिए सब्जी मंडी की दुकानें हटाने पहुंची नगर निगम की टीम को मंगलवार को दुकानदारों के विरोध का सामना करना पड़ा। निगम की टीम ने जैसे ही एक दुकान को जेसीबी से हटाना शुरू किया, महिलाएं जेसीबी के आगे लेट गईं। इस दौरान एक महिला बेहोश हो गई। विरोध बढ़ता देख अपर नगर आयुक्त ने दुकानदारों को तीन दिन की मोहलत दी। अब 15 अगस्त के बाद नगर निगम की टीम दोबारा कार्रवाई के लिए पहुंचेगी। सीपरी बाजार में सरकारी भूमि पर नगर निगम की ओर से शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का निर्माण कराया जा रहा है। इसके लिए निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और एक फर्म को कार्यादेश भी जारी कर दिया गया है। यहां कई वर्षों से सब्जी मंडी संचालित है, जिसमें करीब 100 दुकानदार सब्जी बेचते हैं। पिछले महीने भी नगर निगम की टीम अतिक्रमण हटाने पहुंची थी। उस समय दुकानदारों ने विरोध किया था। इसके बाद टीम कुछ समय की मोहलत देकर लौट गई थी। मंगलवार को अपर नगर आयुक्त राहुल कुमार यादव, जोनल अधिकारी सीपी पांडेय, सीओ रामवीर सिंह, एसीएम संजय कुमार पुलिस बल और नगर निगम की टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने एक दुकान को जेसीबी से हटाना शुरू किया तो महिलाएं विरोध करते हुए जेसीबी के आगे लेट गईं। कई दुकानदारों ने कहा कि उन्हें नगर निगम की ओर से दुकानें हटाने का कोई नोटिस नहीं दिया गया है। विरोध के दौरान एक महिला बेहोश हो गई। 15 अगस्त के बाद फिर पहुंचेगी टीम विरोध के बाद अपर नगर आयुक्त ने लाउडस्पीकर से घोषणा कर दुकानदारों को तीन दिन की मोहलत दी। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त के बाद नगर निगम की टीम फिर कार्रवाई के लिए पहुंचेगी। उन्होंने बताया कि नगरा जाने वाली रोड पर ओवरब्रिज के पास सब्जी विक्रेताओं के लिए जगह उपलब्ध कराई गई है। यहां जमीन की साफ-सफाई भी करा दी गई है। करीब दो महीने तक दुकानदारों को यहां दुकानें लगाने की अनुमति दी जाएगी। इसके बाद प्रस्तावित शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के भूतल पर फड़ लगाने के लिए जगह उपलब्ध कराई जाएगी। चार करोड़ से बनेगा दो मंजिला कॉम्प्लेक्स नगर निगम के मुख्य अभियंता राजवीर सिंह ने बताया कि करीब चार करोड़ रुपये की लागत से शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का निर्माण कराया जाएगा। दो मंजिला कॉम्प्लेक्स में 80 दुकानें बनाई जाएंगी।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें