झांसी। दो दिन के अंतराल के बाद रविवार को एक बार फिर झांसी में झमाझम बारिश शुरू हो गई। दोपहर बाद अचानक मौसम का मिजाज बदला और आसमान में बादल छा गए। कुछ ही देर में तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश होने से मौसम सुहाना हो गया और लोगों को गर्मी व उमस से राहत मिली। बारिश के दौरान सड़कों पर लोगों की आवाजाही कम हो गई। कई लोग बारिश से बचने के लिए आसपास की दुकानों और अन्य स्थानों पर रुक गए। वहीं, बारिश का आनंद लेने के लिए लोग घरों से बाहर भी निकले। कई दिनों से पड़ रही गर्मी और उमस के बीच हुई बारिश से लोगों के चेहरे खिल उठे। किसानों के लिए भी बारिश राहत लेकर आई। देर शाम तक आसमान में बादल छाए रहे और रुक-रुककर बारिश होती रही।