बसोहली में भाजपा महिला मोर्चा ने मणिपुर से कांग्रेस सांसद डॉ. अंगोमचा बिमोल के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए उनके इस्तीफे की मांग की। भाजपा पहाड़ी जिला महिला मोर्चा की अध्यक्ष काजल राजपूत के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में बसोहली के विधायक दर्शन सिंह सहित भाजपा के कई महिला कार्यकर्ताओं और पार्टी नेताओं ने भाग लिया। प्रदर्शनकारियों ने डाक बंगला बसोहली से बस स्टैंड तक मार्च निकाला। इसके बाद कांग्रेस सांसद का पुतला फूंककर विरोध जताया और मामले में कार्रवाई की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों ने जेएनयू की छात्राओं के कथित उत्पीड़न का मुद्दा उठाते हुए कांग्रेस नेतृत्व पर इस मामले में चुप्पी साधने का आरोप लगाया। इस अवसर पर महिला मोर्चा की अध्यक्ष काजल राजपूत ने कहा कि कांग्रेस नेता संविधान और महिला सम्मान की बात करते हैं, लेकिन अपनी पार्टी के सांसद पर लगे आरोपों के मामले में चुप्पी साधे हुए हैं। उन्होंने दावा किया कि 11 पीड़ित छात्राओं की शिकायतों के बावजूद कांग्रेस की ओर से उचित कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सम्मान और न्याय के मुद्दे पर पार्टी का यह रवैया सवाल खड़े करता है। काजल राजपूत ने मांग की कि मामले में उचित कार्रवाई की जाए और संबंधित कांग्रेस सांसद इस्तीफा दें। उन्होंने कहा कि जब तक उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक विरोध जारी रहेगा।