गर्मी बढ़ते ही कानपुर में गंगा का जलस्तर तेजी से नीचे गिरने लगा है। हालत ये हो गई है कि भैरोंघाट पंपिंग स्टेशन पर जल्दी ही बैराज का पानी न पहुंचा तो पानी की आपूर्ति पर असर पड़ जाएगा। पिछले 24 घंटे में ही गंगा के स्तर में तीन इंच की गिरावट दर्ज की गई है। इससे चिंतित जलकल महाप्रबंधक ने बैराज से जल्दी पानी छोड़ने की अपील की है वरना लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है।