Salman Khan 60th Birthday: बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता सलमान खान शनिवार को अपना 60वां जन्मदिन मना रहे हैं। अपने 60वें जन्मदिन के मौके पर सलमान खान मुश्किल में फंसते हुए नजर आ रहे हैं। क्योंकि, एक मामले को लेकर राजस्थान की कंज्यूमर कोर्ट ने सलमान खान को तलब किया है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, राजस्थान के कोटा में मौजूद एक कंज्यूमर कोर्ट ने सलमान खान को तलब किया है। मामला पान मसाला के एक विज्ञापन से जुड़ा है। अदालत ने एक्टर की ओर से जमा किए गए पावर ऑफ अटॉर्नी पर किए गए हस्ताक्षर की फोरेंसिक जांच का भी आदेश दिया है। इस मामले में 20 जनवरी को अगली सुनवाई होगी।
सलमान खान पर भाजपा नेता और वकील इंद्रा मोहन सिंह हनी की तरफ से 15 अक्तूबर को एक केस दर्ज कराया गया। शिकायत में मोहन सिंह ने इल्जाम लगाया था कि राजश्री पान मसाला और सलमान खान ने अपने प्रोडक्ट को केसर युक्त इलाइची पान मसाला बताकर ग्राहकों को गुमराह किया। उनका कहना है कि केसर 4 लाख रुपये किलो मिलता है। यह मुम्किन नहीं है कि यह 5 रुपये के पान मसाला पाउच में बेचा जा सके।
सिंह ने दावा किया कि इस तरह के विज्ञापन ग्राहकों को गुमराह करते हैं। उनका विज्ञापन खास कर युवाओं को गुमराह करता है और उन्हें पान मसाला खाने को लेकर प्रेरित करता है। इससे सेहत को गंभीर नुकसान हो सकता है। इससे कैंसर भी हो सकता है।