उत्तर प्रदेश चुनाव में समाजवादी पार्टी के अखिलेश गुट और कांग्रेस के बीच चुनावी तालमेल हो सकता है। सूत्रों के हवाले से जो खबरें आ रही हैं, उनके मुताबिक राहुल गांधी के विदेश से लौटने के बाद अखिलेश की राहुल और प्रियंका गांधी के साथ मीटिंग हो सकती है। अखिलेश गुट चाहता है कि एंटी बीजेपी वोटों में बिखराव न हो और इसके लिए अगर कुछ सीटें कांग्रेस के साथ बांटनी भी पड़ें तो ये नुकसान का सौदा नहीं होगा। खबर ये भी है कि अखिलेश गुट पार्टी के कुल 229 विधायकों में से 212 के समर्थन का दावा कर रहा है, साथ ही 14 सांसदों के भी साथ की बात कह रहा है। जैसे ही पार्टी में घरेलू दंगल निपटेगा अखिलेश अपने समर्थक उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर देंगे, जिसमें सभी मौजूदा समर्थक विधायक होंगे। उधर कांग्रेस भी चाहती है कि प्रशांत किशोर की कोशिशों के बाद राहुल समाजवादी पार्टी के अखिलेश गुट से हाथ मिलाकर राज्य में कांग्रेस को जिलाने के लिए जुट जाएं।