उत्तर प्रदेश में नई सरकार बने अभी एक महीना भी नहीं हुआ है, लेकिन बीजेपी नेताओं के बड़बोले बयान सामने आने शुरू हो गए हैं। योगी सरकार में मंत्री ब्रजेश पाठक के भाई राजेश पाठक तो कन्नौज के तिर्वा में सरेआम एक पुलिसवाले को गाली देते नजर आए। मामला ये था कि पांच बच्चे गंगा में डूब गए थे, जिनमें से तीन की लाश निकाल ली गई थी, लेकिन दो की लाश नहीं निकल पाई। मंत्री जी के भाई राजेश पाठक को इसकी खबर लगी तो वो मौके पर पहुंच गए और वहां मौजूद पुलिसकर्मी पर गालियों की बरसात कर दी।