IndiGo Flight Disruptions: देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो की सेवाओं में आई बाधा के चलते देशभर में उड़ान सेवाओं पर बहुत बुरा असर पड़ा है। इसका असर हजारों यात्रियों पर देखने को मिला है। तो वहीं, दिल्ली-मुंबई के साथ बेंगलुरु में भी इंडिगो एयरलाइंस की उड़ानों में देरी और रद्द होने के कारण यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इन्हीं में से एक यात्री है नमिता, जो अपने पिता के अस्थि विसर्जन के लिए हरिद्वार जा रही थीं, लेकिन फ्लाइट कैंसिल होने से वह केम्पेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर फंस गईं।
हाथ में कलश उठाकर मीडिया को दिखाते हुए नमिता ने कहा, उन्होंने कहा, "मेरे पास मेरे पिता की 'अस्थि' (अंतिम संस्कार के बाद बची हुई राख) है। मुझे बेंगलुरु से दिल्ली जाना है। दिल्ली से देहरादून के लिए फ्लाइट लेकर हरिद्वार पहुंचना है। 'अस्थि विसर्जन' कल करना है। बिना किसी पूर्व सूचना के इंडिगो ने फ्लाइट कैंसिल कर दी। अब वे कह रहे हैं कि आज उनके पास कोई फ्लाइट नहीं है। वे हमसे दूसरी एयरलाइंस में फ्लाइट बुक करने के लिए कह रहे हैं। दूसरी फ्लाइट्स के टिकट का किराया प्रति व्यक्ति 60,000 रुपये है, जो मैं अफोर्ड नहीं कर सकती... हम हरिद्वार नहीं पहुंच पा रहे हैं। हमारा सारा पैसा बर्बाद हो गया है। एक हफ्ते बाद थोड़ा रिफंड मिलेगा। हमें नहीं पता कि कितना कटेगा।"
इसके साथ ही नमिता ने सरकार से गुजारिश करते हुए कहा कि, "मैं सरकार से रिक्वेस्ट करती हूं कि मेरे लिए हरिद्वार पहुंचने का कोई इंतज़ाम करें क्योंकि गंगा जी में मेरे पिता का अस्थि विसर्जन बहुत ज़रूरी है।"