छठ के बाद बिहार में चुनावी सभा तेज हो गई है, बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान काफी नजदीक है. यही वजह है कि राजनीतिक दलों की रैलियों ने भी जोर पकड़ लिया है. कई दिग्गज नेता इन दिनों बिहार में डेरा जमाए हुए हैं. इसी बीच में यूपी के सीएम और बीजेपी के कद्दावर नेता योगी आदित्यनाथ ने भी एक रैली को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने आरजेडी को आड़े हाथों लिया. उन्होंने कहा कि यह वही आरजेडी है जिसने राम मंदिर के रथ को रोकने का पाप किया. उन्होंने कहा कि राजद अपराधियों को ही टिकट दे रही है और अपराध को बढ़ावा दे रही है। इतना ही नहीं उन्होंने ये भी कहा की कि बिहार में ‘डबल इंजन’ सरकार अराजकता फैलाने वालों को कतई बर्दाश्त नहीं करती। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सभी सहयोगियों ने बिहार में ‘जंगल राज’ की वापसी को रोकने का फैसला किया है। लोगों से अपील करते हुए योगी ने कहा कि बिहार में माफिया राज को पुनर्जीवित करने के लिए सक्रिय ताकतों को जड़ से खत्म कर दें।
बता दे की सीएम योगी इन दिनों बिहार में चुनावी जनसभा को समबोधित कर रहे है। सीवान जनपद के रघुनाथपुर में बुधवार को यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहुंचे और चुनावी सभा को संबोधित किया। जैसे ही उन्होंने मंच संभाला, उनके मंच के चारों ओर कार्यकर्ताओं ने बुलडोजर लगा दिए, जो पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गया। समर्थकों का कहना था कि बुलडोजर "इंसाफ की पहचान" है, इससे न्याय का संदेश जाता है। योगी आदित्यनाथ ने मंच से कहा कि बीजेपी और जदयू की डबल इंजन की सरकार बिहार में तेजी से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य में रोजगार और नौकरी के अवसर लगातार बढ़ रहे हैं। साथ ही 500 साल पुराने राम मंदिर विवाद को सुलझाने का श्रेय भी उन्होंने अपनी सरकार को दिया।योगी ने राजद पर तीखा हमला करते हुए कहा, “राजद का जंगलराज वापस मत आने दीजिए। जिनका नाम वैसा, उनका काम भी वैसा ही है।”