फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Air India Flight Cancel: दिल्ली से बाली जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट वापस लौटी

Wed, 18 Jun 2025 01:20 PM IST
सत्यम दुबे वीडियो डेस्क, अमर उजाला डॉट कॉम

नई दिल्ली से बाली जा रहे एअर इंडिया के विमान को वापस लौटना पड़ा है। क्योंकि पूर्वी इंडोनेशिया में एक शक्तिशाली ज्वालामुखी विस्फोट के कारण बुधवार को बाली जाने वाली एअर इंडिया की एक फ्लाइट सहित कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को रद्द करना पड़ा। कई उड़ानों का रास्ता भी बदलना पड़ा, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। दरअसल, पूर्वी नुसा तेंगारा प्रांत में स्थित इंडोनेशिया के सबसे सक्रिय ज्वालामुखियों में से एक माउंट लेवोटोबी लाकी लाकी में मंगलवार शाम को विस्फोट हुआ। इससे राख के विशाल गुबार आसमान में 10,000 मीटर (32,800 फीट) से अधिक ऊंचाई तक उड़े। इसे लगभग 150 किमी दूर से देखा जा सकता था। 

एहतियात के तौर पर कई एयरलाइनों ने बाली के नगुराह राय अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर परिचालन निलंबित कर दिया। वर्जिन ऑस्ट्रेलिया, जेटस्टार, एअर न्यूजीलैंड, सिंगापुर की टाइगरएयर, चीन की जुनेयाओ एयरलाइंस और एअर इंडिया समेत कई एयरलाइनंस ने अपनी उड़ानें रद्द कर दीं या उनका मार्ग बदल दिया। दिल्ली से बाली जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट को बीच उड़ान में ही वापस लौटने की सलाह दी गई। इसके बाद विमान दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई) एयरपोर्ट पर सुरक्षित रूप से लैंड हुई। एयरलाइन ने साफ किया की कि सभी यात्रियों को सुरक्षित रूप से उतार लिया गया। एयर इंडिया के प्रवक्ता ने कहा, 'यात्रियों को हुई असुविधा के लिए हम खेद व्यक्त करते हैं। हम प्रभावित यात्रियों को होटल में ठहरने की सुविधा दे रहे हैं। अगर वे चाहें तो टिकट रद्द या यात्रा में परिवर्तन या धनवापसी का विकल्प चुन सकते हैं।'

इससे पहले एअर इंडिया ने अहमदाबाद विमान हादसे के बाद बढ़ी सुरक्षा जांच और विमान की अनुपलब्धता समेत अन्य कारणों से मंगलवार को सात अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द कर दीं। इनमें से छह की वापसी भी रद्द हो गई है, जिससे रद्द उड़ानों की संख्या 13 हो गई। यह सभी बोइंग 787 ड्रीमलाइनर विमान की उड़ान थीं। इस बीच नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने बताया कि विमानों की तकनीकी खामियों या अनुपलब्धता की वजह से पिछले छह दिन में 12 से 17 जून तक एअर इंडिया की कुल 248 ड्रीमलाइनर उड़ानों में से 66 रद्द करनी पड़ीं।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें