उरई-झांसी रेलवे लाइन के भुआ रेलवे स्टेशन पर बुधवार की सुबह बड़ा रेल हादसा टल गया। एट व भुआ रेलवे स्टेशन पर एलटीटी ट्रेन चटकी पटरी से गुजर गई। जब रेलवे की टावर वैगन पटरी की जांच के लिए पहुंची तो पटरी चटकने की जानकारी हुई। इस दौरान करीब पौने तीन घंटे कानपुर-झांसी ट्रैक बाधित रहा। कई ट्रेनों को उरई, एट, कालपी मोंठ आदि रेलवे स्टेशनों पर रोका गया। इसके बाद रेलवे इंजीनियरों की टीम ने मौके पर जाकर चटकी पटरी को दुरुस्त किया। तब गाड़ियां गंतव्य को रवाना हुई। चटकी पटरी से रेलगाड़ियां निकलने की सूचना पर रेल प्रशासन में हड़कंप मच गया।