महिला आरक्षण विधेयक में ओबीसी महिलाओं के लिए आरक्षण का प्रावधान किए जाने की मांग को लेकर ऊना जिला महिला कांग्रेस की कार्यकर्ता दिल्ली के लिए रवाना हुई हैं। अखिल भारतीय महिला कांग्रेस के आह्वान पर जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष सुमन ठाकुर के नेतृत्व में 20 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल जंतर-मंतर पर आयोजित राष्ट्रीय रैली में भाग लेगा। रवाना होने से पहले सुमन ठाकुर ने कहा कि महिला आरक्षण विधेयक को जल्द लागू किया जाना चाहिए। उनका कहना था कि आरक्षण व्यवस्था में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) की महिलाओं को भी उचित प्रतिनिधित्व मिलना आवश्यक है, ताकि सभी वर्गों की महिलाओं की राजनीति में भागीदारी सुनिश्चित हो सके। उन्होंने बताया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी और अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा के आह्वान पर देशभर से महिला कार्यकर्ता इस रैली में हिस्सा लेने के लिए दिल्ली पहुंच रही हैं। जिला महिला कांग्रेस के अनुसार ऊना से 20 महिला कार्यकर्ता और पदाधिकारी इस राष्ट्रीय कार्यक्रम में भाग ले रही हैं। संगठन का कहना है कि रैली के माध्यम से महिला आरक्षण विधेयक को शीघ्र लागू करने और उसमें ओबीसी महिलाओं के लिए आरक्षण सुनिश्चित करने की मांग उठाई जाएगी।