महर्षि वाल्मीकि गुरु रविदास यूथ एकता महासभा की एक महत्वपूर्ण बैठक लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह ऊना में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नव बैंस ने की, जिसमें प्रदेश अध्यक्ष अमित वाल्मीकि सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष अमित वाल्मीकि ने कहा कि आज युवाओं में बढ़ती नशे की समस्या गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से बचाने के लिए समाज के हर वर्ग को आगे आकर जागरूकता अभियान चलाना होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि बेरोजगारी और सरकार की नीतिगत विफलताओं के कारण युवा भटक रहे हैं और नशे की ओर आकर्षित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब तक रोजगार और शिक्षा जैसे मूल मुद्दों का समाधान नहीं होगा, तब तक यह समस्या बनी रहेगी। महासभा ने निर्णय लिया कि संगठन 11 और 12 जुलाई को दिल्ली में बड़ा धरना-प्रदर्शन करेगा, जिसमें करीब 5600 लोगों के हकों की आवाज उठाई जाएगी। संगठन ने मजदूरों के शोषण और निजीकरण का भी विरोध किया। बैठक में विभिन्न प्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याएं भी साझा कीं। उन्होंने कहा कि सरकारें चाहे किसी भी दल की हों, स्वास्थ्य, शिक्षा, नशा और बेरोजगारी जैसी समस्याओं के समाधान में अब तक अपेक्षित कदम नहीं उठाए गए हैं। महासभा ने घोषणा की कि वह इन चार प्रमुख मुद्दों को लेकर जनता के बीच जागरूकता अभियान चलाएगी और जरूरतमंद लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने में मदद करेगी। संगठन ने कहा कि हर गांव और पंचायत स्तर पर प्रतिनिधि नियुक्त किए गए हैं, जो लोगों की समस्याएं एकत्र करेंगे और समाधान के लिए आगे बढ़ाएंगे।