हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के अंब उपमंडल की टकारला पंचायत में सोमवार को हुई मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचा दी। शिवनगर वार्ड-5 में उफनते नाले का किनारा टूटने से पानी खेतों, रिहायशी इलाकों और सरकारी ट्यूबवेल परिसर तक पहुंच गया। इससे मक्की की खड़ी फसल को भारी नुकसान हुआ और कई स्थानों पर जनजीवन प्रभावित हो गया। बारिश के बाद मुख्य सड़क पर गाद और मलबा जमा हो जाने से लोगों की आवाजाही भी बाधित रही। कई परिवार कुछ समय तक घरों में ही फंसे रहे, जबकि स्कूली बच्चों को कीचड़ और पानी के बीच होकर स्कूल पहुंचना पड़ा। घटना की सूचना मिलते ही जिला परिषद सदस्य सरवन सिंह प्रभावित क्षेत्र में पहुंचे और नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता दिलाने का भरोसा दिया। ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के मौसम में हर साल नाला उफान पर आने से ऐसी स्थिति बन जाती है। उन्होंने प्रशासन से नाले की गहराई बढ़ाने और दोनों किनारों पर स्थायी तटीकरण करने की मांग की, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके। उधर, एसडीएम अंब पारस अग्रवाल ने बताया कि राजस्व विभाग को नुकसान का आकलन करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही संबंधित विभागों के साथ बैठक कर नाले की समस्या के स्थायी समाधान पर भी काम किया जाएगा।