जिला ग्रामीण विकास अभिकरण और समेकित बाल विकास परियोजना के संयुक्त तत्वाधान में गुरुवार को पोषण अभियान के तहत चंडीगढ़-धर्मशाला नेशनल हाईवे के किनारे विशेष प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस मौके पर जिला विकास अभिकरण के अधिकारी मंजूर अहमद खान ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करते हुए इस प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष में 17 सितंबर से 16 अक्तूबर तक पोषण को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसमें विभिन्न संस्थाओं और विभागों की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए लोगों को पोषाहार की जानकारी दी जा रही है। उन्हें कहा कि गर्भवती महिलाओं धात्री माता सहित शिशुओं में एनीमिया जैसे रोग को रोकने के लिए पोषक तत्वों से परिपूर्ण आहार देने के लिए लोगों को जागरूक किया जा रहा है।