उपमंडल बंगाणा क्षेत्र के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बुधान में सात दिवसीय एनएसएस शिविर के आयोजन की शुरुआत हो गई। शिविर के शुभारंभ में मुख्य अतिथि के रूप में विख्यात शिक्षाविद कुलदीप कुमार सेवानिवृत्त अतिरिक्त शिक्षा निदेशक ने शिरकत की। इस अवसर पर स्वयंसेवियों ने मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए। मंच संचालक की भूमिका राकेश कुमार प्रवक्ता राजनीतिक शास्त्र ने अदा की। मुख्य अतिथि व सभी आमंत्रित अभिभावकों को स्वागत अनिल कुमार उप प्रधानाचार्य ने किया। एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी मनिंदर कुमार ने सात दिवसीय कैम्प के दौरान आयोजित किए जाने वाली गतिविधियों की रूप रेखा पर प्रकाश डाला। प्रधानाचार्य अनिल ठाकुर ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों से आह्वान किया कि स्वयंसेवी अपने व्यक्तित्व को निखारने के लिए कैम्प में आयोजित किए जाने क्रियाकलापों में बढ़चढ़ कर हिस्सा लें। सेवानिवृत्त अतिरिक्त शिक्षा निदेशक कुलदीप कुमार ने कहा वर्तमान समय प्रतियोगिता का है। सभी विद्यार्थियों को पूरी लगन से पढ़ाई करनी चाहिए। इस अवसर पर समाजसेवी शाम लाल, बलदेव चंद, उप प्रधानाचार्य अनिल कुमार, प्रवक्ता राकेश कुमार, प्रवक्ता अंबिका रानी, प्रवक्ता विजय कुमार , शास्त्री रवि कुमार, प्रवक्ता धीरज कतना , प्रवक्ता मनोज कुमार, टीजीटी केवल चंद, सुनीता देवी, सपना देवी व सभी स्टॉफ सदस्य मौजूद रहे।