कुटलैहड़ भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक देवेंद्र कुमार भुट्टो ने प्रदेश की सुक्खू सरकार पर तीखा हमला बोला है। बंगाणा में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार अपने कार्यकाल के लगभग चार वर्ष पूरे करने जा रही है, लेकिन चुनाव के दौरान प्रदेश की जनता से किए गए वादों और दस गारंटियों में से कोई भी पूरी तरह धरातल पर नहीं उतर पाई है। देवेंद्र कुमार भुट्टो ने आरोप लगाया कि सरकार विकास कार्यों पर ध्यान देने के बजाय भाजपा नेताओं के खिलाफ झूठे मामले दर्ज करवाने में लगी हुई है। उन्होंने कहा कि जनता अब सरकार से चुनाव के दौरान किए गए वादों और उनके क्रियान्वयन का हिसाब मांग रही है। पूर्व विधायक ने अपने कार्यकाल के दौरान कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में करवाए गए विकास कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि उनके विधायक रहते नाबार्ड के माध्यम से क्षेत्र के लिए करोड़ों रुपये की योजनाएं स्वीकृत हुई थीं। भुट्टो के अनुसार करीब 31 करोड़ रुपये की राशि विभिन्न विकास कार्यों के लिए उपलब्ध करवाई गई। इसमें जोगीपंगा-लाम सड़क के लिए 10 करोड़ रुपये, तूरकाल पेयजल योजना के लिए 15 करोड़ रुपये तथा बंगाणा-चपलाह सड़क एवं पुल निर्माण के लिए करीब छह करोड़ रुपये शामिल थे। उन्होंने वर्तमान विधायक पर निशाना साधते हुए कहा कि कुटलैहड़ की जनता को बताया जाना चाहिए कि मौजूदा विधायक अपने कार्यकाल में क्षेत्र के लिए कौन-कौन सी बड़ी योजनाएं लेकर आए हैं। उन्होंने कहा कि जनता को केवल घोषणाओं की नहीं, बल्कि धरातल पर दिखाई देने वाले विकास कार्यों की जरूरत है। देवेंद्र कुमार भुट्टो ने दावा किया कि उनके विधायक कार्यकाल में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के करीब 2800 परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध करवाने में मदद मिली। उन्होंने कहा कि गरीब परिवारों को पक्की छत उपलब्ध करवाना सरकार की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों में से एक है। उन्होंने कहा कि सरकार को राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के बजाय विकास कार्यों पर ध्यान देना चाहिए और जनता के सामने अपने कार्यकाल की उपलब्धियों का हिसाब रखना चाहिए।