जिला ऊना में मौसम फिर से बिगड़ गया है। लगातार दो दिन मौसम साफ रहने से किसानों को उम्मीद जगी थी कि अब फसल का काम सही ढंग से हो जाएगा। लेकिन शनिवार सुबह अचानक बारिश शुरू हो गई। इससे किसानों की चिंता एक बार फिर बढ़ गई है। किसानों ने बताया कि मक्की की फसल पहले ही बारिश और खराब मौसम की वजह से पूरी तरह बर्बाद हो चुकी है। अब आलू की बिजाई भी मुश्किल में पड़ती दिखाई दे रही है। शुक्रवार को कुछ किसानों ने आलू बोने की शुरुआत की थी, लेकिन शनिवार को हुई बारिश ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया। किसान जीवन सिंह, रविंद्र कुमार, बलवान सिंह और राजकुमार ने बताया कि उन्होंने आलू की बिजाई के लिए पहले ही खाद और बीज खरीदकर रख लिए हैं। लेकिन लगातार बारिश होने से खेत तैयार करना मुश्किल हो गया है। खेतों में पानी और कीचड़ भर गया है, जिस कारण ट्रैक्टर से खेत जोतना संभव नहीं हो रहा। स्थानीय किसानों का कहना है कि अगर मौसम जल्द ही साफ नहीं हुआ तो आलू की फसल भी मक्की की तरह पूरी तरह खराब हो जाएगी। ऐसे में किसानों के सामने बड़ी आर्थिक समस्या खड़ी हो सकती है।