सोलन जिले में गुरुवार सुबह से ही बारिश का दौर शुरू हो गया। सुबह करीब 8:30 बजे से लगातार हो रही बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ। सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों और नौकरीपेशा लोगों को उठानी पड़ी। बारिश के चलते कई स्कूली बच्चे छाते और रेनकोट के बावजूद भीगते हुए स्कूल पहुंचे। वहीं दफ्तर जाने वाले लोगों को भी बारिश के कारण आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई स्थानों पर सड़कों पर फिसलन बढ़ने से वाहन चालकों को भी सतर्क होकर सफर करना पड़ा। बुधवार दोपहर को जिले में हल्की बारिश हुई थी, लेकिन गुरुवार सुबह से बारिश ने रफ्तार पकड़ ली। लगातार हो रही वर्षा से मौसम सुहावना हो गया और तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार सोलन सहित प्रदेश के कई हिस्सों में अगले दो दिनों तक बारिश जारी रहने की संभावना है। ऐसे में लोगों को खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।