सोलन में बुधवार दोपहर अचानक मौसम का मिजाज बदल गया और मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। तेज बारिश इतनी अचानक हुई कि लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। जो जहां था, वहीं रुक गया और कई लोगों ने दुकानों व छज्जों के नीचे खड़े होकर खुद को बारिश से बचाया। सुबह के समय सोलन में हल्की धूप खिली हुई थी, लेकिन दोपहर करीब 12:15 बजे मौसम ने अचानक करवट ली और तेज बारिश शुरू हो गई। समाचार लिखे जाने तक करीब एक घंटे से लगातार बारिश जारी रही। लगातार हो रही बारिश के कारण शहर की कई सड़कें और नालियां पानी से लबालब भर गईं। कई स्थानों पर सड़कें तालाब जैसी नजर आईं, जिससे वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ा। लोगों ने उम्मीद जताई कि यदि बारिश का दौर इसी तरह जारी रहा तो निचले इलाकों में जलभराव की समस्या और बढ़ सकती है।