आयुष विभाग की ओर से युवाओं के लिए आयोजित पंचकर्म शिविर के लिए जिला आयुर्वेदिक अस्पताल सोलन और नालागढ़ में प्रशिक्षुओं के लिए काउंसलिंग का आयोजन किया गया। काउंसलिंग के दौरान अस्पतालों में पहुंचे प्रतिभागियों को पदाधिकारियों और अधिकारियों ने पंचकर्म शिविर के बारे में जानकारी दी। सोलन में पंचकर्म शिविर के लिए विभाग की ओर से 32 सीटें निर्धारित की गई है। इन सीटों के लिए विभाग की ओर से चयनित प्रतिभागियों का मेडिकल चेकअप किया गया और प्रमाण पत्रों की जांच की गई। विभाग की ओर से आयोजित पहली काउंसलिंग के दौरान आयुर्वेदिक अस्पताल सोलन में 12 प्रतिभागियों का सफल चयन किया गया है। इसकी अगली काउंसलिंग के लिए विभाग की ओर से आवेदन करने वाले प्रतिभागियों का चयन किया जा रहा है। जिला आयुष अधिकारी डॉ. निशा वर्मा पंवर ने बताया कि विभाग की ओर से आयोजित पहली काउंसलिंग सफल रही है। इस दौरान सोलन में 12 प्रतिभागियों का चयन हुआ है। जल्द ही अगली काउंसलिंग का आयोजन होगा। इसके बाद 11 अगस्त से इन प्रतिभागियों के लिए पंचकर्म प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इन प्रशिक्षुओं के आने से मरीजों को राहत मिलेगी और एक ही दिन में कई मरीजों को शिविर का लाभ मिल सकेगा।