सावन माह के पहले सोमवार के अवसर पर धर्मपुर स्थित लक्ष्मी नारायण मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। स्थानीय लोगों ने मंदिर पहुंचकर भगवान शिव की विधिवत पूजा-अर्चना की और शिवलिंग पर दूध, बेलपत्र, चंदन सहित अन्य पूजन सामग्री अर्पित की। मंदिर में सुबह करीब छह बजे से ही भक्तों का पहुंचना शुरू हो गया था। सावन सोमवार को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह नजर आया। बड़ी संख्या में महिलाओं ने मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की और भगवान शिव का आशीर्वाद लिया। मंदिर के पुजारी त्रिभुवन पांडे ने बताया कि सावन माह हिंदू धार्मिक मान्यताओं के अनुसार बेहद पवित्र माना जाता है। इस पूरे महीने में भगवान शिव की आराधना का विशेष महत्व होता है। उन्होंने कहा कि सावन के प्रत्येक सोमवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचते हैं और शिवलिंग पर बेलपत्र, चंदन, दूध सहित अन्य सामग्री अर्पित कर पूजा करते हैं। उन्होंने बताया कि सावन को भगवान शिव का प्रिय महीना माना जाता है। इस दौरान महिलाएं और अन्य श्रद्धालु व्रत रखकर मंदिरों में पूजा-अर्चना करते हैं। धर्मपुर के लक्ष्मी नारायण मंदिर में भी सावन के पहले सोमवार पर भक्तों की आस्था और श्रद्धा का माहौल देखने को मिला।