मां शूलिनी मेले के तीसरे दिन सोलन में स्वास्थ्य विभाग की ओर से नगर निगम हॉल में हेल्दी बेबी शो आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से 1 से 6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। शो के दौरान बच्चों के स्वास्थ्य और विकास का आकलन करने के लिए विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम मौजूद रही। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ अभिभावकों को स्वस्थ जीवनशैली और पोषण के महत्व से अवगत कराना भी रहा। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय पाठक और जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अमित रंजन तलवाड़ भी उपस्थित रहे। बच्चों की चहल-पहल और अभिभावकों की भागीदारी से नगर निगम हॉल पूरे समय गुलजार रहा।