नाहन में बंदरों की लगातार बढ़ रही आबादी ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। बंदरों के कारण गलियों से गुजरना और अपनी छत्त पर चढ़ना भी मुश्किल हो गया है। ऐसा ही कुछ नजारा मंगलवार को नाहन के महलात वाली गली में देखने को मिला। यहां बंदरों के दो गुट आपस में भिड़ गए। बंदरों की लड़ाई के कारण गली में आवाजाही ठप हो गई। बंदरों ने लड़ते हुए कई बाइक भी नीचे गिरा दीं। बंदरों का कोई भी गुट हार मानने को तैयार नहीं था। स्थानीय लोगों ने बंदरों को भगाने का प्रयास किया लेकिन बंदरों ने लड़ना नहीं छोड़ा। यहां 15 मिनट तक बंदर यूं ही उत्पात मचाते रहे। इसके बाद ही मार्ग आवाजाही के लिए खुल पाया। स्थानीय निवासी पूनम चौहान, पंकज, पारूल, स्नेहा, महक, सत्येंद्र ठाकुर, आकाश ने सरकार और जिला प्रशासन से बंदरों से मुक्ति दिलाने की मांग की है। उन्होंने बताया कि बंदरों के कारण गलियों से गुजरना और यहां तक कि अपने घर की छत्त पर जाना भी मुश्किल हो गया है।