ऐतिहासिक रेणुका झील के संरक्षण और स्वच्छता को लेकर मां रेणुका सेवा समिति के तत्वावधान में चलाए जा रहे सेवा श्रमदान अभियान में लोगों की भागीदारी लगातार बढ़ रही है। श्रद्धालु और स्थानीय लोग हर रविवार को श्रमदान कर झील को स्वच्छ और निर्मल बनाने में योगदान दे रहे हैं। रविवार को भी समिति के सदस्यों ने भीषण गर्मी के बावजूद करीब चार फीट गहरे पानी में उतरकर रेणुका झील से झाड़ियां, कांस घास, सरकंडे और खरपतवार को जड़ से उखाड़कर बाहर निकाला। बाद में इन्हें ट्रैक्टरों में भरकर उचित स्थान पर पहुंचाया गया। मां रेणुका सेवा समिति के अध्यक्ष कुलदीप ठाकुर ने बताया कि रेणुकाजी तीर्थ में सेवा श्रमदान का कार्य निरंतर जारी है। इस अभियान को स्थानीय संगठनों, महिला मंडलों और श्रद्धालुओं का भरपूर सहयोग मिल रहा है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक रविवार को समिति के सदस्य श्रमदान कर ऐतिहासिक रेणुका झील को शुद्ध, स्वच्छ और निर्मल बनाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि रविवार को समिति के सदस्यों ने मिलकर तीन ट्रैक्टर खरपतवार, घास और झाड़ियों को झील से निकालकर एक स्थान पर एकत्रित किया। इस दौरान शक्ति महिला मंडल बेडोन की प्रधान रक्षा देवी, भगवान पशुराम ट्रक यूनियन ददाहू के पदाधिकारियों, समिति के सदस्यों और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने श्रमदान में भाग लेकर झील संरक्षण अभियान को सफल बनाने में सहयोग दिया।