सिरमौर जिले की महिलाएं अब पारंपरिक सोच की सीमाएं तोड़कर ड्राइविंग को अपने रोजगार का जरिया बनाने की ओर कदम बढ़ा रही हैं। महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के उद्देश्य से यूको आरसेटी (UCO RSETI) नाहन ने 30 दिवसीय निशुल्क ड्राइविंग प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया है। इस पहल के तहत महिलाएं पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर वाहन चलाने का प्रशिक्षण ले रही हैं। प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ यूको आरसेटी की निदेशक नवज्योत कौर ने किया। पहले दिन सभी प्रतिभागियों का पंजीकरण कराया गया और उन्हें प्रशिक्षण के उद्देश्य, स्वरोजगार के अवसर तथा सड़क सुरक्षा के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। यूको आरसेटी की संकाय सदस्य मनीषा चौहान और तानिया भाटिया ने बताया कि प्रशिक्षण शिविर में कुल 30 प्रतिभागी शामिल हैं, जिनमें 13 महिलाएं और 17 पुरुष हैं। प्रशिक्षण का उद्देश्य युवाओं, विशेषकर महिलाओं को स्वरोजगार के लिए तैयार करना और परिवहन क्षेत्र में नए अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि यह 30 दिन का प्रशिक्षण पूरी तरह निशुल्क है। प्रतिभागियों के रहने, खाने-पीने और प्रशिक्षण की सभी सुविधाएं संस्थान की ओर से उपलब्ध कराई जा रही हैं, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के युवा भी इसका लाभ उठा सकें। प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञ प्रशिक्षक नरेश कुमार प्रतिभागियों को वाहन चलाने का व्यावहारिक प्रशिक्षण देंगे। इसके साथ ही सड़क सुरक्षा, ट्रैफिक नियमों और सुरक्षित ड्राइविंग के बारे में भी विस्तृत जानकारी दी जाएगी। इस पहल से उम्मीद की जा रही है कि प्रशिक्षण पूरा होने के बाद कई महिलाएं ड्राइविंग को रोजगार के रूप में अपनाकर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकेंगी।