जिला सिरमौर में 3 अक्तूबर से धान खरीद का कार्य शुरू होने जा रहा है। इसको लेकर एपीएमसी द्वारा धौलाकुआं और पांवटा साहिब में दो धान खरीद केंद्र स्थापित किए गए हैं । धान खरीद करने को लेकर सभी तैयारियां भी पूरी कर ली गई हैं। ताकि यहां आने वाले किसानों को किसी भी तरह की परेशानियों का सामना न करना पड़े। कृषि उपज मंडी समिति सिरमौर के सचिव अक्षित शर्मा ने बताया कि बीते वर्ष के मुकाबले इस वर्ष धान खरीद का कार्य एक सप्ताह पहले 3 अक्तूबर से शुरू होने जा रहा है। जिला में स्थापित धौलाकुआं एवं पांवटा साहिब धान खरीद केंद्र पर किसानों के लिए सभी सुविधाएं जुटा ली गई है । उन्होंने बताया कि अभी तक 200 किसान धान बेचने को लेकर पंजीकरण भी कर चुके हैं । बीते वर्ष के मुकाबले इस वर्ष केंद्र सरकार द्वारा 69 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ाकर एमएसपी 2389 रुपये निर्धारित किया गया है। उन्होंने बताया कि पांवटा साहिब धान खरीद केंद्र पर 50 हजार क्विंटल तो वहीं धौलाकुआं धान खरीद केंद्र पर 30 हजार क्विंटल धान खरीद का लक्ष्य रखा गया हैं। उन्होंने बताया कि पांवटा साहिब केंद्र पर 15 झरने तो वहीं धौलाकुआं केंद्र पर 10 झरने स्थापित किए गए हैं।