जिला स्तरीय शपथ ग्रहण समारोह में सोमवार को नव-निर्वाचित प्रधानों और उप-प्रधानों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ लेकर अपने कार्यकाल की औपचारिक शुरुआत कर दी। नाहन के चौगान मैदान में आयोजित समारोह में जिले भर से पहुंचे पंचायत प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। समारोह में मुख्यातिथि उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने नव-निर्वाचित प्रधानों और उप-प्रधानों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। अपने संबोधन में मुख्य अतिथि ने नव-निर्वाचित प्रतिनिधियों को जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने, पारदर्शिता के साथ कार्य करने तथा पंचायतों के समग्र विकास को प्राथमिकता देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पंचायतें ग्रामीण विकास की आधारशिला हैं और जनप्रतिनिधियों की भूमिका गांवों की प्रगति में अत्यंत महत्वपूर्ण है।