देशभर में स्वतंत्रता दिवस आजादी और उल्लास का पर्व है, लेकिन नाहन आदर्श केंद्रीय कारागार में बंद कैदियों के लिए यह दिन उम्मीद और नई शुरुआत का संदेश लेकर आया। प्रदेश सरकार की विशेष माफी योजना के तहत स्वतंत्रता दिवस पर जेल में बंद 104 कैदियों को सजा में कटौती का लाभ दिया गया। इनमें 103 कैदियों की सजा कम कर दी गई, जबकि एक कैदी की रिहाई जुर्माना जमा न होने के कारण नहीं हो सकी। आदर्श केंद्रीय कारागार नाहन के उपअधीक्षक सीताराम ने बताया कि प्रदेश सरकार की ओर से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कैदियों को विशेष माफी के तहत सजा में निर्धारित कटौती दी गई है। जेल में कुल 104 कैदियों को इसका लाभ मिलना था। इनमें 103 कैदियों की सजा कम की गई, जबकि एक कैदी की रिहाई होनी थी। जुर्माना जमा नहीं करने के कारण उसकी रिहाई शनिवार को नहीं हो सकी। विशेष माफी योजना के तहत 71 कैदियों की सजा तीन माह कम की गई है। वहीं, आठ कैदियों को दो माह की राहत मिली है। छह कैदियों की सजा 45 दिन, चार की 30 दिन और 15 कैदियों की सजा 15 दिन कम की गई है। सजा में कटौती के चलते कई कैदियों की जेल में रहने की अवधि कम हो गई है। पात्र कैदियों को अन्य आवश्यक नियमों और औपचारिकताओं को पूरा करने के बाद निर्धारित सजा अवधि से पहले रिहाई का लाभ मिल सकता है। उपअधीक्षक सीताराम ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्वों का कैदियों को भी इंतजार रहता है। इन अवसरों पर मिलने वाली विशेष सजा माफी उनके लिए उम्मीद की किरण बनती है। सजा में कटौती से कैदियों के बीच खुशी और उत्साह का माहौल रहा। उन्होंने कहा कि ऐसे अवसर कैदियों को अपने जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने और सजा पूरी करने के बाद समाज की मुख्यधारा में लौटकर नई जिंदगी शुरू करने के लिए प्रेरित करते हैं।