नाहन शहर की जीवनरेखा मानी जाने वाली गिरि उठाऊ पेयजल योजना के रिअलाइमेंट का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। करीब 75 से 80 लाख रुपये की लागत से भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र में लगभग एक किलोमीटर लंबी पाइपलाइन को सुरक्षित करने का काम किया जा रहा है। नाहन के विधायक अजय सोलंकी ने बताया कि योजना में लगातार आ रही तकनीकी समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए रिअलाइमेंट किया जा रहा है। पहले चरण में उस संवेदनशील हिस्से को शामिल किया गया है, जहां हर वर्ष भूस्खलन के कारण पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो जाती थी और शहर में पेयजल आपूर्ति प्रभावित होती थी। उन्होंने बताया कि उन्होंने स्वयं कार्य स्थल का निरीक्षण किया है। मौसम अनुकूल रहने पर पाइपलाइन की दूसरी और तीसरी लेयर की वेल्डिंग का कार्य भी जल्द पूरा कर लिया जाएगा। विधायक ने कहा कि रिअलाइमेंट कार्य पूरा होने के बाद नाहन शहर में बार-बार पानी की सप्लाई बाधित होने की समस्या का स्थायी समाधान होगा। उन्होंने जल शक्ति विभाग और प्रशासन को दूसरे चरण में अन्य संवेदनशील हिस्सों में भी रिअलाइमेंट का कार्य शुरू करने के निर्देश दिए हैं। अजय सोलंकी ने कहा कि प्रदेश सरकार और जल शक्ति विभाग शहरवासियों को निर्बाध एवं सुचारू पेयजल आपूर्ति उपलब्ध कराने के लिए पूरी गंभीरता से कार्य कर रहे हैं।