जोगिंद्रनगर विधायक प्रकाश राणा की अपनी गृह पंचायत गोलवां में ग्रामीणों ने एकजुटता दिखाते हुए पूरी पंचायत का चुनाव निर्विरोध संपन्न कर लिया है। विधायक प्रकाश राणा ने गोलवां पंचायत के सभी मतदाताओं का हृदय से आभार जताया है। उन्होंने नव निर्वाचित प्रधान राजीव, उपप्रधान नागेंद्र और सभी पांचों वार्ड सदस्यों को जीत की बधाई दी। विधायक ने कहा कि इस फैसले से पूरे हिमाचल प्रदेश में एक सकारात्मक संदेश गया है कि लोगों ने एकजुट होकर विकास को प्राथमिकता दी है। विधायक ने नव निर्वाचित टीम से आग्रह किया कि वे सब मिल-जुलकर गोलवां को एक आदर्श पंचायत बनाएं। उन्होंने पंचायत के विकास के लिए अपने पूर्ण सहयोग का आश्वासन भी दिया। इसके साथ ही, प्रकाश राणा ने यह भी साझा किया कि क्षेत्र की 8-10 अन्य पंचायतों ने भी निर्विरोध चुनाव के प्रयास किए थे, हालांकि लोकतांत्रिक व्यवस्था में कुछ छोटी-छोटी अड़चनों के कारण वहां ऐसा संभव नहीं हो पाया। उन्होंने पूरे जोगिंद्रनगर के लोगों द्वारा किए गए इन शांतिपूर्ण और एकजुटता भरे प्रयासों की जमकर सराहना की।