सीटू, हिमाचल किसान सभा और हिमाचल प्रदेश मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव यूनियन की मंडी जिला कमेटी ने संयुक्त आह्वान पर बुधवार को धरना–प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने उपायुक्त के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजते हुए मजदूर विरोधी चारों लेबर कोड वापस लेने और किसानों से किए गए वादों को पूर्ण रूप से लागू करने की मांग उठाई। संगठनों ने आरोप लगाया कि सरकार इन संहिताओं को मजदूर हितैषी बताकर झूठा प्रचार कर रही है, जबकि ये कोड श्रम सुरक्षा को कमजोर करते हैं और रोजगार को अधिक असुरक्षित बनाते हैं। किसानों से जुड़े मुद्दों पर संगठनों ने बेदखली रोके जाने, गरीब किसानों को 5 बीघा भूमि देने, फोरलेन से प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा देने, अधिग्रहण की जमीन का चार गुना मूल्य देने, आपदा प्रभावितों के पुनर्वास और सभी फसलों का लाभकारी समर्थन मूल्य निर्धारित करने की मांग की। प्रदर्शन में राजेश शर्मा, जोगिंदर वालिया, रामजी दास, राज्य प्रकाश ठाकुर सहित कई नेता उपस्थित रहे।