प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के देश के सबसे लंबे निर्वाचित प्रधानमंत्री के कार्यकाल के उपलक्ष पर भाजपा द्वारा विभिन्न कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। इनमें से एक सफाई अभियान भी है। इसी कड़ी में आज भाजपा द्वारा मंडी शहर के शहीद स्मारक पर सफाई अभियान चलाया गया जिसमें भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत कुमार गौतम विशेष रूप से मौजूद रहे। उन्होंने भी झाड़ू पकड़कर यहां सफाई अभियान में अपनी सहभागिता निभाई। सदर विधायक अनिल शर्मा, जिलाध्यक्ष निहाल चंद शर्मा, सुमन ठाकुर और मांचली सहित अन्य पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सफाई अभियान में भाग लेकर पूरे शहीद स्मारक की अच्छे से सफाई की। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत कुमार गौतम ने कहा कि यह हम सभी के लिए गर्व की बात है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के सबसे लंबे निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में अपना कार्यकाल पूरा किया है। नरेंद्र मोदी ने देश के लिए जो कार्यक्रम शुरू किए हैं उसमें स्वच्छता अभियान भी है। प्रधानमंत्री का सपना है कि भारत माता हमेशा साफ और स्वच्छ रहे, इसलिए केंद्र सरकार द्वारा इस मुहीम के लिए विशेष योजनाएं भी चला रही हैं। उन्होंने कहा कि यह हम सभी का दायित्व है कि हम देश को साफ और स्वच्छ बनाए रखने में अपना पूर्ण सहयोग दें।