पीपल जातर की अंतिम सांस्कृतिक संध्या में लोक गायक रमेश ठाकुर ने खूब धमाल मचाया। इस मौके पर उन्होंने अपने लिखे और गाए पहाड़ी गीतों की प्रस्तुति देकर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। उन्होंने जुर्म सिर्फ इतना है, मैं तुझे कबूल इस बात का खुदा गवाह है, सजी धजी जांदी, घोरा भेजी धुधा बेचदी, सैंज म्हारा होटल, मेरी बालमा, कोई मिल गया, तेरी नगरी, पांकी पौटू आलीए, छौता भूलू तेरे घौरा रे टाले सहित कई पहाड़ी और फिल्मी गीत पेश किए। इसके अलावा सीएम तोषी ने जट अमला पगला दीवाना गीत पेश कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। इससे पहले हेम राज भारद्वाज ने आपके आ जाने से फिल्मी गीत पेश कर दर्शकों को नचाया। जबकि बीएन आनंद, अनिल सूर्यबंशी, रोजी शर्मा ने भी अपनी प्रस्तुति देकर दर्शकों का मनोरंजन किया। पीपल जातर के समापन्न अवसर पर बतौर मुख्यातिथि निदेशक शहरी विकास शिमला नीरज चड्ढा शामिल हुए। जिनका नगर परिषद कुल्लू ने स्वागत किया और उन्हें टोपी-मफलसर व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इसके अलावा स्थानीय कलाकारों में विजय, पवन, सरसबती, गौरा ठाकुर, सनी वर्मा, अंकुश ने भी गीत व नृत्य की प्रस्तुति दी। इसके अलावा आनंदम्यूजिकल ग्रुप ने भी अपनी प्रस्तुति दी। जिन्होंने लाल चंद प्रार्थी कलाकेंद्र की दर्शक दीर्घा में मौजूद कलाकारों को खूब झुमाया। गौरतलब है कि पीपल जातर की तीसरी सांस्कृतिक संध्या का आगाज भी हर रोज की तरह कुल्लवी नाटी से हुआ। इस दौरान सांस्कृतिक दल ने चोला टोपा और परंपरागत आभूषणों में सजकर लोक संस्कृति का भी प्रदर्शन किया।