आनी (कुल्लू)। जनहित संघर्ष मोर्चा का क्षेत्रीय मांगों को लेकर चल रहा क्रमिक अनशन गुरुवार को 18वें दिन में प्रवेश कर गया। मोर्चा ने एसडीएम आनी लक्ष्मण सिंह के माध्यम से सरकार को ज्ञापन भेजकर चेतावनी दी है कि यदि पांच दिनों के भीतर सरकार का कोई प्रतिनिधि उनसे बातचीत करने नहीं पहुंचता है और मांगें नहीं मानी जातीं तो क्रमिक अनशन को आमरण अनशन में परिवर्तित किया जाएगा। मोर्चा के सदस्य पदम प्रभाकर ने कहा कि आनी में सब्जी मंडी का निर्माण, सिविल अस्पताल में मरीजों को पेश आ रही समस्याओं का समाधान, विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती, नई एक्सरे मशीन स्थापित करना, एचआरटीसी के आनी सब डिपो में खस्ताहाल बसों को बदलकर नई बसें उपलब्ध करवाना, दूध की अदायगी समय पर न मिलने और एनएच-305 को डबल लेन बनाने सहित कई महत्वपूर्ण क्षेत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार ने यदि इन मांगों पर जल्द गौर नहीं किया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। अनशन के 18वें दिन बिश्लधार पंचायत के प्रधान दूनी चंद ठाकुर, कमांद पंचायत प्रधान देवेंद्र ठाकुर, पूर्व प्रधान सुरेंद्र ठाकुर सहित अन्य लोगों ने मोर्चा के आंदोलन को समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि मोर्चा की ओर से उठाई जा रही मांगें आम जनता के हित से जुड़ी हैं।