क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में मरीजों के पंजीकरण की प्रक्रिया अब और आसान हो गई है। अस्पताल में मरीजों को आभा एप के माध्यम से पंजीकरण कराने की सुविधा शुरू की गई है। इसके लिए पंजीकरण काउंटर पर क्यूआर कोड लगाया गया है। मरीज मोबाइल से अपनी आभा आईडी स्कैन कराकर पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रणजीत सिंह ठाकुर ने वीरवार को पत्रकार वार्ता में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अस्पताल में पहले से ऑफलाइन और ऑनलाइन पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध थी। अब आभा एप को जोड़ने के बाद मरीजों के पास पंजीकरण के लिए तीसरा विकल्प भी उपलब्ध हो गया है। नई सुविधा का लाभ लेने के लिए मरीज को सबसे पहले अपने मोबाइल फोन में आभा एप इंस्टॉल करना होगा। इसके बाद अस्पताल के पंजीकरण काउंटर पर लगाए गए क्यूआर कोड/स्कैनर के माध्यम से अपनी आभा आईडी स्कैन करनी होगी। आईडी स्कैन होने के बाद पंजीकरण प्रक्रिया पूरी की जाएगी और मरीज को पंजीकरण काउंटर से रसीद प्राप्त हो जाएगी। इससे मरीजों को पंजीकरण के लिए लंबी लाइनों में खड़े रहने की परेशानी से राहत मिलने की उम्मीद है। क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में मरीजों के लिए अब पंजीकरण के तीन विकल्प उपलब्ध हैं। इनमें ऑफलाइन पंजीकरण, ऑनलाइन पंजीकरण और आभा एप के माध्यम से पंजीकरण शामिल हैं। अस्पताल प्रबंधन का उद्देश्य डिजिटल सुविधा के माध्यम से मरीजों के पंजीकरण की प्रक्रिया को सरल और सुविधाजनक बनाना है।