हिमाचल प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ की प्राथमिक शिक्षा बचाओ न्याय यात्रा मंगलवार दोपहर हमीरपुर पहुंची। इस दौरान संघ के राज्य अध्यक्ष रमेश शर्मा ने हमीरपुर में आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि प्राथमिक शिक्षक संघ न्यू कांप्लेक्स सिस्टम सहित अपनी 25 मांगों को लेकर लगातार संघर्ष कर रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के प्राथमिक विद्यालयों में 5,000 से अधिक जेबीटी शिक्षकों के पद रिक्त हैं। कई स्कूल केवल एक शिक्षक के भरोसे संचालित हो रहे हैं, जबकि अनेक विद्यालय ऐसे भी हैं जहां कोई शिक्षक तैनात नहीं है। इसके बावजूद सरकार इन रिक्त पदों को भरने की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है, जिससे विद्यार्थियों की पढ़ाई गंभीर रूप से प्रभावित हो रही है। प्राथमिक शिक्षा बचाओ न्याय यात्रा 25 जुलाई को शिमला पहुंचेगी। इसके बाद 26 जुलाई को चौड़ा मैदान, शिमला में विशाल धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रदेशभर के शिक्षक भाग लेंगे। इस अवसर पर राकेश, कुशल, दिनेश सहित अन्य पदाधिकारी एवं शिक्षक भी उपस्थित रहे।