फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

वीडियो: राजकीय बहुतकनीकी संस्थान हमीरपुर में पुलिस की पाठशाला का आयोजन

Krishan Singh Updated Fri, 21 Aug 2026 01:08 PM IST

राजकीय बहुतकनीकी संस्थान हमीरपुर में शुक्रवार को अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से पुलिस की पाठशाला का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक हमीरपुर बलवीर ठाकुर ने विद्यार्थियों को नशा निवारण, साइबर अपराध, यातायात नियमों और व्यक्तिगत सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई और करियर पर ध्यान केंद्रित करने तथा स्वयं के प्रति जिम्मेदार बनने का आह्वान किया। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि नशा जहर है और चिट्टा युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर खतरा बन चुका है। नशे की गिरफ्त में आने से व्यक्ति अपराध की ओर बढ़ सकता है, नौकरी गंवा सकता है और उसका कॅरियर व परिवार दोनों प्रभावित हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ सूचना देने वालों की पहचान गुप्त रखी जाती है। विद्यार्थी किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी पुलिस को दें। नशे की लत से जूझ रहे व्यक्ति के लिए नशा मुक्ति केंद्र और चिकित्सकीय सलाह ही सही रास्ता है। उन्होंने विद्यार्थियों को साइबर ठगी से बचने के लिए अपने डिजिटल फुटप्रिंट के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी। साइबर ठगी के नए तरीकों की जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति फोन पर डराकर बैंक संबंधी जानकारी, ओटीपी या पैसे मांगता है तो सतर्क रहें। डिजिटल अरेस्ट जैसी कोई कानूनी प्रक्रिया नहीं है। वास्तविक गिरफ्तारी के बाद व्यक्ति को नियमानुसार अदालत में पेश किया जाता है। पुलिस अधीक्षक ने यातायात नियमों का पालन करने, वाहन चलाते समय सावधानी बरतने और अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता देने की बात कही। साथ ही विद्यार्थियों को आत्मरक्षा और आपात स्थिति में सही निर्णय लेने के संबंध में भी जानकारी दी गई। संस्थान के प्रधानाचार्य चंद्रशेखर ने विद्यार्थियों के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने पर अमर उजाला फाउंडेशन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को सामाजिक जिम्मेदारियों और वर्तमान समय की चुनौतियों के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें