हमीरपुर के राजकीय उत्कृष्ट महाविद्यालय सुजानपुर टीहरा में बुधवार को एंटी रैगिंग सप्ताह के पहले दिन जागरूकता एवं शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. विभा ठाकुर ने किया। इस दौरान विद्यार्थियों को रैगिंग के खिलाफ शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने रैगिंग से दूर रहने और इसके खिलाफ जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. दिव्या शर्मा ने विद्यार्थियों को रैगिंग से संबंधित नियमों और दिशा-निर्देशों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि रैगिंग केवल अनुशासनहीनता का मामला नहीं है, बल्कि इससे विद्यार्थियों के आत्मसम्मान और मानसिक सुरक्षा पर भी असर पड़ सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से रैगिंग के खिलाफ जागरूक रहने और महाविद्यालय में सुरक्षित एवं सकारात्मक माहौल बनाए रखने का आह्वान किया। जागरूकता कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय परिसर में विशेष सेल्फी प्वाइंट भी बनाया गया। प्राचार्या, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने यहां सेल्फी लेकर रैगिंग के खिलाफ जागरूकता का संदेश दिया। सेल्फी प्वाइंट के माध्यम से विद्यार्थियों को अभियान से जोड़ने और रैगिंग के खिलाफ सकारात्मक संदेश प्रसारित करने का प्रयास किया गया। कार्यक्रम में प्रो. प्रमोद, डॉ. सुमन शर्मा, डॉ. सपना राणा, प्रो. वंदना कुमारी सहित महाविद्यालय के अन्य प्राध्यापक मौजूद रहे। एंटी रैगिंग सप्ताह के पहले दिन आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को रैगिंग के दुष्प्रभावों और इससे जुड़े नियमों के प्रति जागरूक किया गया।