राजकीय उत्कृष्ट महाविद्यालय सुजानपुर टीहरा में शनिवार को एनसीसी नामांकन का आयोजन किया गया। नामांकन प्रक्रिया सैनिक स्कूल सुजानपुर के मैदान में पूर्ण हुई। जिसमें 75 विद्यार्थियों ने भाग लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. विभा ठाकुर ने की। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं को केवल शैक्षणिक ज्ञान ही नहीं, अपितु मानसिक दृढ़ता, उचित मार्गदर्शन और व्यवहारिक सोच की भी आवश्यकता है। उप प्राचार्य प्रो. जितेंद्र ने भी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाएं विद्यार्थियों के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। एनसीसी नामांकन प्रक्रिया एएनओ प्रो. राजेश कुमार, प्रो. साहिल सर्मा और प्रो. मितुल, पेट्टी ऑफिसर देवेश शर्मा, पेट्टी ऑफिसर विक्रांत, पेट्टी ऑफिसर धीरज राठौर की निगरानी में हुई। सबसे पहले विद्यार्थियों की दौड़ परीक्षा (रनिंग) आयोजित की गई, जिसके बाद लिखित परीक्षा और अंत में साक्षात्कार (इंटरव्यू) हुआ। पूरी प्रक्रिया में छात्रों ने अनुशासन और लगन का परिचय दिया। एनसीसी अधिकारियों ने बताया कि इस प्रशिक्षण के माध्यम से छात्रों को राष्ट्र सेवा, रक्षा क्षेत्र और विभिन्न करियर अवसरों के लिए तैयार किया जाता है।