चंबा जिले में यूरिया खाद की कमी को लेकर भाजपा ने प्रदेश सरकार को घेरा है। प्रदेश भाजपा समिति सदस्य जय सिंह ने आरोप लगाया कि मक्की की फसल की गुड़ाई-निदाई के महत्वपूर्ण समय पर किसानों को पर्याप्त यूरिया खाद उपलब्ध नहीं हो रही, जिससे खेती प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है। जय सिंह ने कहा कि चंबा, चुराह और भरमौर क्षेत्र की करीब 90 प्रतिशत आबादी खेतीबाड़ी पर निर्भर है। ऐसे समय में खाद की कमी किसानों के लिए गंभीर समस्या बन गई है। यदि समय पर यूरिया उपलब्ध नहीं कराया गया तो मक्की की फसल के उत्पादन पर असर पड़ेगा और किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। उन्होंने जिला प्रशासन के माध्यम से मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू को ज्ञापन भेजकर जिले में पर्याप्त मात्रा में यूरिया खाद की तत्काल उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की। साथ ही सरकार से कृषि सहकारी समितियों और विक्रय केंद्रों पर जल्द पर्याप्त खाद उपलब्ध कराने का आग्रह किया, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।