चंबा-साहो मार्ग पर चमीणू के पास मंगलवार देर रात भूस्खलन होने से यातायात बाधित हो गया। पहाड़ी से मलबा सड़क पर आने के कारण मार्ग के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। इस दौरान एक एंबुलेंस भी सड़क पर फंस गई, जिससे मरीज और तीमारदारों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मार्ग बंद होने की सूचना मिलते ही लोक निर्माण विभाग के कनिष्ठ अभियंता जेसीबी चालक को साथ लेकर मौके पर पहुंचे। विभागीय टीम ने जेसीबी की मदद से सड़क पर आए मलबे को हटाने का काम शुरू किया। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद मार्ग को यातायात के लिए बहाल कर दिया गया। सड़क खुलने के बाद एंबुलेंस को भी आगे जाने का रास्ता मिल गया। इससे उसमें सवार मरीज, तीमारदार और अन्य लोगों ने राहत की सांस ली। मार्ग बहाल होने के बाद चंबा और साहो की ओर से रुके वाहनों की आवाजाही भी शुरू हो गई। स्थानीय लोगों देसराज, राकेश कुमार, नरेश कुमार, बलदेव सिंह, किशन चंद और अशोक कुमार ने बताया कि चंबा-साहो मार्ग पर मंगलवार को दो से तीन बार भूस्खलन हुआ। रात में भी अचानक मलबा सड़क पर आ गया था। लोगों ने कहा कि सूचना मिलते ही लोक निर्माण विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और मार्ग को बहाल करवाया। इससे रात के समय मार्ग पर फंसे लोगों को राहत मिली। स्थानीय लोगों ने कहा कि चंबा-साहो मार्ग पर लगातार भूस्खलन होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।