राजकीय महाविद्यालय भरमौर में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह बड़े उत्साह से मनाया गया। इसका शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. मनीष वर्मा ने किया। सरस्वती वंदना प्रस्तुति के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हुआ। मुख्य अतिथि डॉ. मनीष वर्मा ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को शिक्षा के महत्व से अवगत कराते हुए उन्हें जीवन में निरंतर परिश्रम और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ाते हैं और उन्हें अपने लक्ष्य की ओर अग्रसर करते हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. हेमंत पाल ने विद्यार्थियों को कड़ी मेहनत, सकारात्मक सोच व अनुशासन अपनाने का संदेश दिया। कहा कि शिक्षा ही वह सशक्त माध्यम है, जिससे विद्यार्थी अपने जीवन में ऊंचाइयों को छू सकते हैं और समाज के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। महाविद्यालय के वार्षिक प्रतिवेदन के अनुसार सत्र 2024-25 में बीए, बीकॉम, बीएससी प्रथम वर्ष में 94 विद्यार्थियों में से 68 उत्तीर्ण रहे। द्वितीय वर्ष में 74 में से 62 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए और तृतीय वर्ष में 62 में से 59 विद्यार्थी पास हुए। वर्तमान में महाविद्यालय में कुल 206 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं, जिसमें छात्राओं की भागीदारी लगभग 66 प्रतिशत है। सत्र 2025-26 में प्रथम वर्ष में 81, द्वितीय वर्ष में 77 तथा तृतीय वर्ष में 48 विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। समारोह के दौरान शैक्षणिक, सांस्कृतिक, खेलकूद एवं अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मुख्य अतिथि व प्राचार्य की ओर से सम्मानित किया गया।