विश्वविद्यालय की ओर से फीस में 25 से 30 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी का विरोध करते हुए छात्र संघ चुनाव बहाल करने की मांग को लेकर एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने उपायुक्त कार्यालय परिसर के बाहर प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने ने विश्वविद्यालय प्रशासन और राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। एबीवीपी जिला चंबा के जिला संयोजक अंशु ने कहा कि फीस में इतनी भारी बढ़ोतरी से प्रदेश के हजारों विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों पर आर्थिक बोझ बढ़ गया है। कहा कि गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के विद्यार्थी पहले ही आर्थिक चुनौतियों के बीच उच्च शिक्षा हासिल कर रहे हैं। ऐसे में फीस वृद्धि उनके लिए अतिरिक्त परेशानी खड़ी करेगी। अंशु ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो एबीवीपी आम छात्रों के साथ मिलकर उग्र आंदोलन करने के लिए मजबूर होगी। इस मौके पर एबीवीपी कार्यकर्ता अर्पित, तुषार, कृष, सनी, मनु, रोहित, स्नेहा और यशिका सहित अन्य मौजूद रहे।